अभी हाल में


विजेट आपके ब्लॉग पर
राजेश जोशी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
राजेश जोशी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 3 जुलाई 2011

भारतीय जनता पार्टी एक दिलचस्प पार्टी है - राजेश जोशी



भाजपा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के आत्महत्या की अनुमति वाले बयान पर वरिष्ठ कवि राजेश जोशी का यह आलेख लोकजतन से साभार  



भारतीय जनता पार्टी एक दिलचस्प पार्टी है। कभी-कभी मुझे लगता है कि अगर भाजपा द्वारा दिये जाने वाले वक्तव्यों और उसके कारनामों पर राजनीतिक -विरोध की भाषा में विचार न किया जाये तो वह पर्याप्त रूप से आपका मनोरंजन कर सकती है। बाबा रामदेव के आंदोलन पर पुलिस ने लाठी भांज दी तो अडवाणी जी का दिल दहल गया। उन्होंने उसकी तुलना जलियाँवाला बाग से कर डाली। एक दूसरे नेता को इस दृश्य से आपातकाल याद आगया। इसी बीच सुषमा स्वराज जी यह देश हे वीर जवानों का पर नृत्य करती नजर आयीं। कभी-कभी सोचता हूँ कि अगर जलियाँवाला बाग की बर्बर घटना के समय भाजपा और सुषमा जी होतीं तो दृश्य क्या होता? क्या सचमुच उस घटना के बाद वह नृत्य करतीं? आपातकाल के समय तो भाजपा की पैतृक पार्टी जनसंघ मौजूद थी। क्या आपातकाल की घोषणा के बाद किसी राष्ट्रवादी फिल्मी गीत पर उसने नृत्य किया था? क्या जेलों में भाजपा के नेता नृत्य करते रहे थे? फिर सुषमा जी से एक सवाल करने को मन बहुत दिन से मचल रहा है। राष्ट्रवादी गीत के रूप में यह देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का से बेहतर कुछ नहीं मिला?
अभी इस घटना से हुआ मनोरंजन समाप्त भी नहीं हुआ था कि एक और मनोरंजक वक्तव्य भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने परोस दिया। प्रभात झा ने मंहगाई की जनता पर होने वाली मार से व्यथित होकर राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु की मांग कर दी। हाय! झा साहब आपने यह क्या कह डाला! आपने एक बार भी नहीं सोचा कि आपकी मांग अगर मानली गयी तो इस महान पार्टी याने राजनीतिक दल का क्या होगा? फिर एक नये अध्यक्ष की तलाश उसे करना पड़ेगी। बहुत सरफुटव्वल के बाद तो आप पर पार्टी एकमत हुई थी। आप फिर पार्टी को मुसीबत में डालना चाहते हैं? मैं जानता हूँ आप ऐसा कुछ नहीं चाहते। आपको पता है कि संविधान में इच्छामृत्यु का प्रावधान नहीं है। राष्ट्रपति इसकी इजाजत नहीं देंगी और आप भी कौनसे मरने का विचार कर रहे हैं। इसे नाटक की भाषा में मैलोड्रामा कहा जाता है। भावुकता में लेकिन जब अतिशयोक्ति होती है तो वह हास्यरस बन जाती है। अब अगर आप सड़कों पर निकलें, चायघरों में और नुक्कड़ों पर जायें और लोगों की बातें सुनें तो आपको पता लगेगा कि आपके इस कारनामे की क्या प्रतिक्रिया लोगों पर हो रही है। आप तो राज्यसभा सदस्य भी हैं। लोग पूछ रहे हैं कि इस तरह की गैर कानूनी हरकत क्या आपको करनी चाहिये थी?
खैर अब राजनीतिज्ञ हों या इस देश के ढोगी करोड़पति -अरबपति बाबा किसको कानून की परवाह है। लेकिन मेरे मन में एक सवाल बहुत देर से कुलबुला रहा है, भाजपा इस प्रदेश का सत्ताधारी दल है और केन्द्र में मुख्य विपक्षी दल है, प्रभात झा इस दल के एक महत्वपूर्ण नेता हैं। प्रदेश में पार्टी के अघ्यक्ष हैं। राज्यसभा के सदस्य हैं। पूछा जाना चाहिये कि क्या भाजपा ने जनता की तकलीफों के बारे में संघर्ष के रास्तों का त्याग कर दिया है? क्या आगे से मंहगाई या दूसरे मामलों में भाजपा हड़ताल, प्रदर्शन या भूख हड़ताल, धरने आदि की जगह इच्छामृत्यु जैसे पलायनवादी रास्तों पर जायेगी? क्या एक राजनीतिक दल को इस तरह की पलायनवादी नौटंकी करना चाहिये ? एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को वक्तव्य देने से पहले सोचना चाहिये कि वह क्या बोल रहा है? इतनी कायरता तो सचमुच मंहगाई की मार झेल रही गरीब जनता ने भी नहीं दिखाई। भाजपा में आत्मघात की यह प्रवृत्ति कोई नयी नहीं है। मंडल आयोग के विरोध में युवा लोगों द्वारा किये गये आत्मदाह के कारनामे भी भाजपा के ही उकसावे पर हुए थे। हमारे एक मित्र का यह संदेह मुझे वाजिब लगता है कि हो सकता है इच्छामृत्यु की यह आत्मघाती राजनीति एक बड़ा रूप ले ले और चारों ओर से इस तरह की मांग का एक ज्वार दिखाई पडऩे लगे। ऐसा होता है तो यह क्या रूप लेगा इस पर विचार किया जाना चाहिये।
प्रभात झा से यह भी पूछा जा सकता है कि मंहगाई से इतनी ही व्यथा हो रही है तो बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, केरल, पंजाब, हिमाचल और उत्तराखण्ड की तरह उनकी प्रदेश सरकार डीजल, कैरोसिन और रसोई गैस की कीमतों में कमी की घोषणा क्यों नहीं कर रही है? आपको सचमुच जनता की व्यथा महसूस हो रही है या प्रदेश को कीमत बढऩे के कारण होने वाले 265 करोड़ के फायदे पर लार टपक रही है?

रविवार, 27 मार्च 2011

मित्रता के कवि केदार - राजेश जोशी


केदार की कविता में जितनी धरती है उतना ही आकाश भी है। आठवें दशक की उनकी कविता में चिड़ियों को देखकर आरोप लगाने वालों को केदार की कविताओं की उन चिड़ियों के चहचहाने को सुनना चाहिए जो जब पत्थर पर बैठकर चहचहाती हैं तो पत्थर भी बोलने लगते हैं। 

प्रगतिवादी कवियों ने जिस तरह मुक्त मन से एक-दूसरे के प्रति कविताएँ लिखी हैं ऐसा संभवतः किसी दूसरे दौर में नहीं हुआ। इन कविताओं में निश्छल और गहन आत्मीयता है। व्यक्तियों के बारे में लिखी गई सर्वश्रेष्ठ कविताओं का कोई संग्रह अगर बनाया जाए तो केदारनाथ अग्रवाल की नागार्जुन के बांदा आने पर और नागार्जुन की केदारनाथ अग्रवाल पर लिखी गई कविता 'ओ जन मन के सजग चितेरे' को उसकी प्रथम पंक्ति में रखना होगा। ये दोनों ही कविताएँ व्यक्ति को उसकी पूरी सामाजिक पृष्ठभूमि के साथ रख कर देखती हैं। नागार्जुन की कविता 'ओ जन मन के सजग चितेरे' का एक दिलचस्प अंश है :

आसमान था साफ, टहलने निकल पड़े हम 
मैं बोला : केदार, तुम्हारे बाल पक गए!
चिंताओं की घनी भाप से सीझे जाते हैं बेचारे -
तुमने कहा सुनो नागार्जुन 
दुख-दुविधा की प्रबल आँच में 
जब दिमाग ही उबल रहा हो 
तो बालों का कालापन क्या कम मखौल है? 

नागार्जुन की यह कविता सिर्फ केदारनाथ अग्रवाल का ही एक मुकम्मल खाका नहीं खींचती है वह बांदा में केदारनाथ अग्रवाल को देखने की कोशिश करती है। और सिर्फ कवि केदार को नहीं, उस पूरे व्यक्ति को जो कवि भी है, वकील भी, एक नागरिक भी है और एक मित्र भी। जिसे बांदा वाले नहीं पहचान सकते, आम मुवक्किल, हाकिम और मुलाजिम भी पूरा-पूरा नहीं पहचान सकते। इसे नागार्जुन ने पहचाना है। समझा-बूझा है और जाना है...इसलिए अपनी पूरी उमंग और गहन मित्रता के ओज में वह कहता है :

केन कूल की काली मिट्टी, वह भी तुम हो!
कालिंजर का चौड़ा सीना वह भी तुम हो!
ग्रामवधू की दबी हुई कजरारी चितवन, वह भी तुम हो!
कुपित कृषक की टेढ़ी भौंहें, वह भी तुम हो 
खड़ी सुनहली फसलों की छवि छटा निराली, वह भी तुम हो!
लाठी लेकर कालरात्रि में करता जो उनकी रखवाली,
वह भी तुम हो 
जन गण मन के जाग्रत शिल्पी 
तुम धरती के पुत्र : गगन के तुम जामाता!
नक्षत्रों के स्वजन कुटुंबी, सगे बंधु तुम नद नदियों के!
झरी ऋचा पर ऋचा तुम्हारे सबल कंठ से 
स्वर लहरी पर थिरक रही है युग की गंगा 

इन बारह पंक्तियों में नागार्जुन केदार की कविता के स्वभाव को जितना समेट लेते है उतना बारह पृष्ठों में लिखा कोई आलोचनात्मक लेख भी शायद ही समेट सके। केदार की जीवन दृष्टि, उसकी लय, उसकी गति, उसके बिंब सबका एक मुकम्मिल खाका जैसे नागार्जुन ने खींच दिया है। 

यह इस बात का भी प्रमाण है कि उन कवियों की मित्रता कितनी गहरी थी और वे एक-दूसरे के मन को, व्यक्तित्व को और उसकी रचना को कितनी गहराई से जानते पहचानते थे। केदारनाथ अग्रवाल की शमशेर पर लिखी एक बहुत छोटी सी कविता भी इसका सुंदर उदाहरण हो सकती है। चार पंक्ति की इस छोटी सी कविता में केदार शमशेर और उनकी कविता को एक बिंब में बदल देते हैं : 

शमशेर - मेरा दोस्त!
चलता चला जा रहा है अकेला
कंधे पर लिए नदी, 
मूंड पर धरे नाव! 

केदारनाथ अग्रवाल वस्तुतः मित्रता के कवि हैं। उनकी कविता का केंद्रीय भाव मित्रता है, आत्मीयता है। यह मात्र संयोग नहीं है कि डॉ. रामविलास शर्मा और केदारनाथ अग्रवाल के बीच हुई चिट्ठी पत्री के संग्रह का नाम भी 'मित्र संवाद है'। यह मित्रता फिर चाहे अपने समकालीन कवि मित्रों से हो, नद-नदियों से, धरती से, आकाश से, फसलों से, साधारण जन से ... 

केन नदी पर चाहे कुछ ही कविताएँ केदार जी ने लिखी हों लेकिन उनकी कविता पढ़ते हुए हमेशा लगता है जैसे उनकी सभी कविताओं की लय के अंतरतल में केन के प्रवाह की लय विन्यस्त है। वह कभी थिर होती है और कभी प्रबल आवेगमयी। वह जब लगभग शांत है तब भी उसके आसपास कुछ न कुछ हो रहा है। जीवन की गति वहाँ रुकती नहीं है। 

केन किनारे/पलथी मारे/ पत्थर बैठा गुमसुम!
सूरज पत्थर/सेंक रहा है गुमसुम!
सांप हवा में/ झूम रहा है गुमसुम!
पानी पत्थर/ चाट रहा है गुमसुम!
सहमा राही/ ताक रहा है गुमसुम! 

केदार की कविता में नद-नदियों की कभी शांत और कभी अवेगमयी लय और गति है। उनकी कविता में जितनी धरती है उतना ही आकाश भी है। वहाँ वृक्ष भी हैं और चिड़िया भी। आठवें दशक की कविता में चिड़ियों को देखकर आरोप लगाने वालों को केदार की कविताओं की उन चिड़ियों के चहचहाने को सुनना चाहिए जो जब पत्थर पर बैठकर चहचहाती हैं तो पत्थर भी बोलने लगते हैं। 

वस्तुतः मैं हमेशा से यह मानता रहा हूँ कि मुक्तिबोध , शमशेर , नागार्जुन , केदारनाथ अग्रवाल और त्रिलोचन हिंदी कविता की काया के पंचतत्व हैं और निराला उसके प्राणतत्व हैं इसलिए इन पांचों कवियों और निराला को बिना एक-दूसरे के संदर्भ के पूरा नहीं जाना जा सकता। नदियों पर कितनी ही कविताएं केदार जी का नाम लेते ही याद आने लगती हैं। उनमें फसलों को लेकर उमग उठने वाला कृषक मन भी है और फटकारकर खरी-खरी कहने वाला साहस भी। 

उसमें 'चंद्र गहना से लौटती बेर' और 'हवा हूँ हवा मैं बसंती हवा हूँ' जैसी अद्भुत कविताएँ हैं तो दूसरी ओर 'मैंने उसको जब-जब देखा' या 'काटो काटो काटो करबी/ साइत और कुसाइत क्या है/ जीवन से बढ़ साइत क्या है' जैसे गीत या 'एक हथौड़े वाला घर में' और हुआ जैसे गीत भी हैं। 

युवा आलोचक सुधीर रंजन केदार की बहुचर्चित कविता 'बसंती हवा को' शैली की 'ओड टू दॅ वेस्ट विंड' के साथ देखने का आग्रह करते हैं। संभव है कि कहीं न कहीं वेस्ट विंड की प्रेरणा अवचेतन में मौजूद रही हो लेकिन बसंती हवा की जो लय और गति है वह वेस्ट विंड से बहुत भिन्न है। इस तरह की कविताओं में केदार जी के मन की उमंग और उत्फुल्लता देखने लायक होती है। इस कविता का एक छोटा सा और अंतिम अंश देखकर ही इसमें केदार जी के मिजाज का अंदाजा हो जा सकता है :

मुझे देखते ही अरहरी लजाई/मनाया- बनाया, न मानी, न मानी/उसे भी न छोड़ा/ पथिक आ रहा था, उसी पर ढकेला लगी जा /ह्रदय से, कमर से चिपक कर / हँसी जोर से मैं/ हँसी सब दिशाएँ/ हँसे लहलहाते खेत सारे / हँसी चमचमाती भरी धूप प्यारी/ बसंती हवा में हँसी सृष्टि सारी/ हवा हूँ, हवा, मैं बसंती हवा! 

केदार मित्रता के कवि हैं इसलिए उनकी कविता में एक उमंग है, उल्लास है और उजाले हैं। उनकी पत्नी पर लिखी कविताएँ भी मित्र भाव की हैं। 

हे मेरी तुम! 
गठरी चोरों की दुनिया में 
मैंने गठरी नहीं चुराई 
इसीलिए कंगाल हूँ 
भुख्खड़ शंहशाह हूँ 
और तुम्हारा यार हूँ 
तुमसे पाता प्यार हूँ।
वेब दुनिया से साभार