अभी हाल में


विजेट आपके ब्लॉग पर
परंपरा और विद्रोह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
परंपरा और विद्रोह लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 10 जून 2010

"पौरुष और कला" - यादवचंद्र

जनपक्ष के पिछले अंकों में आप यादवचंद्र जी के प्रबंध काव्य "परंपरा और विद्रोह" के दो सर्ग पढ़ चुके हैं। इस काव्य का प्रत्येक सर्ग एक पृथक युग का प्रतिनिधित्व करता है। युग बदलने के साथ ही यादवचंद्र जी काव्य-रूप भी बदल देते हैं। यह इस के हर नए सर्ग को पढ़ते हुए आप स्वयं अनुभव करेंगे। आज इस काव्य का तृतीय सर्ग "पौरुष और कला" प्रस्तुत है ......... 


परंपरा और विद्रोह  
* यादवचंद्र *

तृतीय सर्ग

'पौरुष और कला'


ऊपर रोग-ग्रस्त पीला रवि
नीचे धवल धरा है
दृष्टि-पंथ पर दूर-दूर तक
हिम का जाल पड़ा है

हिम का निर्जन प्रान्त, शान्ति की
गति-विधि-हीन गिरा है
मौन दिशाएँ, कुहेलिका से
धूमिल क्षितिज घिरा है
 


 किन्तु जागता भी है कोई हिम गव्हर के नीचे
भीमकाय मानवाकृति प्रत्यंचा-सी भौंहें खींचे

यह अभाव का पुतला, लिपटा
ऋण-चर्म में क्षुब्ध, विभुक्षित
पवि-वत् गौर भुजाओं को वह
(जीवन-यौवन की ममता ले)
देख रहा है हो कर चिंतित-

'भेड़ियों का होता आघात
दृगों में कटती भीषण रात
उफ, श्रम का भीषण मध्यान्ह
सुनहला सुखद् शान्ति का प्रात'
 


 मगर यह
अनहोनी-सी बात
जागा पौरुष क्रुद्ध
पुरुष का सोया-सा अभिमान

 और तब-
धनुष ने खींची कस कर डोर
डोर पर चढ़े नुकीले बाण
(बाण या प्राण रक्षिणी ढाल !
कला-जीने की उस की चाल)
अलौकिक युग का अनुसन्धान !

लौटते कहीं शिकार कराह
भेड़िए, भालू, ऋक्ष, वराह
 


 कर अट्टहास
युग पुरुष बढ़ा
निर्माण--नाश
युग-चरण कढ़े
युग का विकास
युग पुरुष बढ़ा ........
 * * * * * * * * * * * *
 हिम सेवित गव्हर में घायल
संकुचित मानव समाज का व्यक्ति एक
शिला पर शान्ति विहग की देख
बनाता अपने नख से रेख
 


व्यक्ति के जीवन का हो गान
चाहता है वह निज सम्मान
परिस्थिति के हो कर अनुकूल
इसी से करता नव निर्माण
खींचता है पत्थर पर लीक
रंग दे भरता उस में प्राण
सुनहला, सुन्दर, सरस भविष्य
ढालने को करता मजबूर
चित्र के मिस उस का सम्मान
मगर यह मीठी मादक छाँव, किसे देगी न ललक कर ठाँव
अरे यह नवयुग का निर्माण ..........
 


* * * * * * * * * * * *
सबल ग्रीवा पर ले कर भक्ष्य
शिकारी, निज बाणों का लक्ष्य
पिनाकी का जलता आकार
कन्दरा का जब खोला द्वार
विहँसती-सी कल्पना अजान
लुटाती थी मदिरा की धार
चूमती थी पौरुष के भाल
वियोगिन-सी पाने को प्यार
जलाये मन-मन्दिर के दीप
खड़ी थी खोल नयन के द्वार
(अरे यह पौरुष का सम्मान ?)

* * * * * * * * * * * *
जीत कर पुरुष गया तब हार
हार में देखी अपनी जीत
प्रीत का मदमाता संसार
कला औ पौरुष की यह नाव
चली करने युग-धारा पार .............

रविवार, 16 मई 2010

"मनुष्य का विकास"

नपक्ष में आप यादवचंद्र जी के प्रबंध काव्य "परंपरा और विद्रोह" का प्रथम सर्ग धरती माता पढ़ चुके हैं। इस काव्य का प्रत्येक सर्ग एक पृथक युग का प्रतिनिधित्व करता है। युग बदलने के साथ ही यादवचंद्र जी काव्य का रूप भी बदल देते हैं। यह इस के दूसरे सर्ग को पढ़ते हुए आप स्वयं अनुभव करेंगे। आज इस काव्य का दूसरा सर्ग "मनुष्य का विकास" प्रस्तुत है .........


परंपरा और विद्रोह  
* यादवचंद्र * 

द्वितीय सर्ग
मनुष्य का विकास
रूढ़ियों की रीढ़ पर 
देता मजूरा चोट-
 धरती काँपती
आकाश डगमग
जब हुआ विस्फोट-
पलटा तम का, 
ज्वाल से निर्मित चरण
आगे बढ़े
ऊषा लजाई
आग से पा ताप
कलियाँ मुस्कुराईँ
खुल गईँ 
प्यासी भुजाएँ
वासना के स्लथ नयन
ऊपर उठे
पर, झुक गए
यह गरल का उन्माद
करिश्मे नए।

यह अति नवीन प्रयोग-
चिर झूठी सुधा है
गरल, गति, भूडोल है
भीषण क्षुधा है।
पूर्णता या चाँदनी या शान्ति ? -
मस्तिष्क का प्रमाद
सुधा की भ्रान्ति।
जब फूटा गगन में
रश्मियों का ढ़ेर
जागा कन्दरा में 
एक भूखा शेर-
मांसल-पुष्ट-गर्वीली भुजाएँ
नत ललाट
और कुछ उभरी शिराएँ
देखता है 
क्रुद्ध वह मुड़ कर दिशाएँ
किधर, कैसे, किस तरह 
आगे बढ़ें
कुछ छीन लाएँ
फाड़ दामन सृष्टि के 
वह सोचता है 
किस तरह 
इस पेट की ज्वाला बुझाएँ। 
जीवन दीप की शत् शत् शिखाएँ
जल उठीं । दिनकर बढ़े 
ज्वाला बढ़ी, बलधर कढ़े
यह भूख का विद्रोह
भागा सूर्य, धरती, सोम
लो भूचाल-फूटा व्योम,
सूकर देव ! वाराहावतार !
रोक लो तुम 
विश्व मैं ले भागता
मैं स्वयं बन अवतार
अब हूँ योग अपना साधता
तब,
गिर गया दिनमान
फिरते जंगलों में श्वान
उस को मिल गए दो-एक
पौरुष का यही अभिमान
उस का जागता बन कर
वेद, सांख्य, पुराण।
बन्दर झाड़ियों का 
तोड़ता पत्थर
पहुँचता ताम्र के ले खड्ग
लोहे के बने पथ पर
जमाने के 
विकुण्ठित मुण्ड ले कर 
खून से लथ-पथ
भयावह मानवीय स्वरूप 
बन कर-
राम, कृष्ण, सीता
(व्यक्ति पूजा 
 सर्वोहँ)
रामायण, गीता
मुहम्मद, बुद्ध के 
त्रिपिटक, क़ुरान ?
प्रायश्चित कर्मों के गान
तो वर्ग का संघर्ष
करता आ रहा विस्फोट
औ, रूढ़ियों की रीढ़ पर
देता मजूरा चोट। 
विकासोन्मुख, क्षुधित, बेकल 
चलाती भावनाएँ हैं 
जगत को प्रतिनिमिष, प्रतिपल
कि, जिसमें ताप का परिमाण
करता भिन्न रूप निर्माण
स्थिर चेतना औ प्राण
गति या तेज, पौरुष, ज्ञान
जग को दे गया आलोक
पल पल प्रगति-विद्युत नाम

प्रबंध काव्य 'परम्परा और विद्रोह' का
'मनुष्य का विकास' नाम का द्वितीय सर्ग समाप्त

रविवार, 25 अप्रैल 2010

"धरती माता" यादवचंद्र के प्रबंध काव्य "परंपरा और विद्रोह" का प्रथम सर्ग



यादवचंद्र जी से शायद आप परिचित न हों, उन के परिचय के लिए उन की एक रचना से साक्षात्कार ही पर्याप्त है। अनवरत पर उन की कुछ रचनाएँ मैं ने प्रस्तुत की थीं। वे केवल समर्थ क्रांतिकारी कवि ही नहीं थे अपितु उन के व्यक्तित्व के बहुत विस्तृत आयाम थे। वे ओजस्वी वक्ता, समीक्षक, नाटककार, नाट्य निर्देशक, अभिनेता, कुशल लोक नर्तक, समर्पित कार्यकर्ता, परिश्रमी संगठनकर्ता ,प्रतिबद्ध चिंतक, लोकप्रिय शिक्षक ... और भी बहुत कुछ थे।
"परंपरा और विद्रोह" यादवचंद्र कृत अठारह सर्गों का एक प्रबंध काव्य है। इसे पढ़े बिना इस के मूल्य और महत्ता का अनुमान नहीं किया जा सकता। यह हिन्दी साहित्य को उन का विशिष्ठ योगदान है। यह आपातकाल के दौरान पहली बार प्रकाशित हुआ। शहीद भगत सिंह के साथी शिव वर्मा ने इस की भूमिका लिखी। यह समूचे ब्रह्मांड और सृष्टि के आविर्भाव और विकास की यात्रा की यथार्थ और सौंदर्यमयी अभिव्यक्ति है, यह मनुष्य की उत्पत्ति और जीवन संघर्षों और उस के महाभियानों की यात्रा है। इसे राहुल सांकृत्यायन की कृति 'वोल्गा से गंगा' और भगवत शरण उपाध्याय की 'इतिहास पर खून के छींटे' की परंपरा का सृजनात्मक विकास कहा जा सकता है।
स कृति के बारे में अधिक कुछ कहना अभी ठीक नहीं। मेरा मानना है कि इस कृति को पढ़ कर पाठक स्वयं इस कृति और इस के कृतिकार का मूल्यांकन करें। इस कृति को मैं प्रस्तुत कर रहा हूँ। कोशिश रहेगी कि सप्ताह में दो दिन अनवरत पर यह कृति स्थान पा सके। आशा है, आप इसे पढ़ेंगे और कृति और कृतिकार के संबंध में अपनी राय से हमें अवगत कराएंगे।
कुल 142 पृष्ठों का यह प्रबंध काव्य अठारह सर्गों में विभाजित है। यहाँ काव्य का प्रथम सर्ग "धरती माता" प्रस्तुत है जिस में सृष्टि का आरंभ, पृथ्वी की उत्पत्ति का सुंदर और वैज्ञानिक वर्णन है।

परंपरा और विद्रोह
* यादवचंद्र *

प्रथम सर्ग
धऱती माता

तुम मेरा इतिहास न पूछो......

मेरे प्रथम चरण में धू-धू
कर जलती हैं दशों दिशाएँ
महाशून्य जाज्वल्यमान है
बंधी हुई हैं और हवाएँ

गति है मौन, ग्रहादिक तारे
और उपग्रह सभी लुप्त हैं
मानव के मानस-सुत ब्रह्मा,
विष्णु, पिनाकी सभी सुप्त हैं

रोक हृदय की गति बस अम्बर
दृश्य प्रलय का देख रहा है
नाश और निर्माण बिंदु की,
पूछ रहा है वह-रेख कहाँ है?


देखो उधर नेबुला देखो !
गति की गति ले, देता चक्कर
अग्नि-पिंड विष ज्वाल उगलता
चला, बढ़ा वह धुन्ध बांधकर

लाल गगन में आग लगाता
लाल गगन में लपट बिछाता
लाल-लाल शोले-चिनगारी
प्रतिपल-प्रतिपल वह छिटकाता

मेरा पहला हास न पूछो
तुम मेरा इतिहास न पूछो

शोले हर शोले को बांधे
नाच रहे हैं ऊपर-नीचे
यह गुरुत्व औ आकर्षण है
जो है एक, एक को खींचे

वर्ना वे फिर से टकरा कर
यहीँ आदि का अंत करेंगे
किन्तु स्वतः परतः दो गतियों
के कारण वे नहीं लड़ेंगे

नहीं लड़ेंगे, नहीं भिड़ेंगे
नाच रहे जो लाल सितारे
बीच सबों के बड़े पिंड जो
सूर्य, वही हैं भाग्य हमारे



मनुज! प्रज्वलित अग्नि-पिण्ड से
डरो नहीं, मंगल ही होगा
'मंगल' की गति-विधि से धरणी
रह न सकेगी युग-युग बन्ध्या

यौवन की थाती धरती -
को पल भर भी तो सोने दो
महानाश को अजी, न छेड़ो
ज्वाला को शीतल होने दो

चक्कर काट-काट अकुलाती
रवि से दूर प्रिया की छाती
खोया-खोया सा दिन आता
सिसक-सिसक कर रजनी जाती

हाँ, इस निशा दिवस के क्रम में
ठंडा हुआ धधकता शोला
उभर सिमट कर पर्वत - गह्वर
पहले-पहल हुआ यह गोला

पा कर मौन धरा को, नभ के
तत्व द्रवित हो पाँव बढ़ाए
सावन-भादों घिरे नयन में
उमड़-घुमड़ कर बादल छाए

रोके रुके न लेकिन आँसू
झंझावात-विजन की आहें
आँसू कढ़े हृदय को पाने
फैलाए चिर प्यासी बाहें

फूट-फूट कर रोता अंबर
सिसक-सिसक धरती अकुलाती
प्लावन कहीं न हो इस क्रम में
सोच कलम मेरी रुक जाती

रूठ गई है आज हवाएँ
जल के फूट रहे फौव्वारे
हिम के पर्वत छूट गगन से
गिरते टूट रहे ज्यों तारे

कोटि-कोटि मीलों की गति ले
झंझा हहर रही है दुस्तर
जिस के भीम वेग में पड़ कर
उड़ते तिनके-से गुरु प्रस्तर

टाईफोन, संहार, प्रलय है
जल-प्लावन से आज न खेलो
जागा है नैराश्य धरा का
सागर उसे अंक में ले लो ....

गुरु ऋंगों पर सिन्धु लहरता
सिन्धु बीच ज्वारों का पर्वत
जिस के तुङ्ग शिखर पर युग का
कवि बैठा है बन कर तक्षक

पीने को निखिल विश्व का
युग उद्वेलित कटु हालाहल
पी कर तरल गरल कवि के दृग
स्नेह-स्निग्ध बरसाते प्रतिपल

निष्ठा से विश्वास न पूछो
तुम मेरा इतिहास न पूछो


हिम युग का प्रारंभ यही रे
कहीं ताप का नाम नहीं रे
शांत स्निग्ध धरती के हिय में
करुणा की मधु धार बही रे

स्निग्ध दिशाएँ, स्निग्ध गगन है
स्निग्ध धरा का चञ्चल मन है
कोटि-कोटि युग-युग तक धरती
में न कहीं कुछ भी कम्पन है

खोए मन की प्यास न पूछो
तुम मेरा इतिहास न पूछो।

आओ आज कराएँ तुम को
प्रथम-प्रथम मिट्टी के दर्शन
लो माँ धरती के आंगन में
खुले तत्व के दिव्यालोचन

जल-काई जिस से परिणत हो
हुए प्रस्तरीभूत जन्तु गण
सांघातिक सागर लहरों में
उन्हें चाहिए घना आवरण

इसी प्रयोजन को ले उन के
हुए रूप में फिर परिवर्तन
कौड़ी, घोंघे, और केंकड़े
आते मानव के पुरखे बन

ये सब छोटे-छोटे प्राणी
जल के भीतर करते शासन
भूमि और जलवायु बदल कर
दिशा-खोलते उन के लोचन


घड़ियालों के वंशज को ले
ढोल, नगाड़े, सिंघा बाजे
मत्स्यरूप भगवान स्वर्ग से
अंडा फोड़ धरा पर भागे

दल-दल ऊपर नील गगन की
शोभा ले फैली हरियाली
नील सिन्धु की लहर लहर कर
नाच रही तितली मतवाली

जल-थलचारी अण्डज, पिण्डज
बनने की करते तैयारी
और निरंतर प्रलय-सृजन की
ताल ठोकते बारी बारी

युग पर युग की तह लगती है
धरती धधक बर्फ बन जाती
सरीसृपों की फिर दुनिया में
भीम भयावह काया आती

क्रम से क्रम की राशि न पूछो
तुम मेरा इतिहास न पूछो


और धरा-गति-जन्य सत्व है
गरमी बन कर बर्फ गलाता
एक व्यवस्थित मौसम का क्रम
हिम सेवित धरती पर लाता

धरती सूर्य-पिण्ड के चारों-
और लगाती जाती चक्कर
और इधर संतुलन कार्य-
कर रहा सत्व सर्दी के ऊपर

जो भू-भाग सूर्य के आगे
आते हैं, गर्मी हैं पाते
औ, बेचारे दूर पड़े जो
सिसक-सिसक हिमवत हो जाते

सुखद, सलोने मौसम में हैं
लता-गुल्म-पौधे लहराते
जिनके फल-फूलों को खा कर
बन्दर होली रोज मनाते

कहीं लता-गुल्मों में बच्चों-
को माता स्तनपान कराती
देख जिसे बनमानुष की है
फूली नहीं समाती छाती

दूध, नेह निर्ब्याज जननि ने
किया पुत्र को जैसे अर्पण
भाव-देश में चुपके-चुपके
अहा, उतर आया जीवन

बुद-बुद व्यक्ति-व्यक्ति के जीवन
का जागा सामूहिक यौवन
यूथ, समाज कि देश-विदेशों
में होते अगणित परिवर्तन

मंजिल पर मंजिल पर मंजिल
मंजिल मार रहा बन-मानव
पर, उस के आकार रूप में
कैसा यह घनघोर पराभव

कौन, अरे तू कौन खड़ा है?
किस की है तू बदली काया?
स्वजन संग प्रस्तर आयुध ले
किस ने युग पर हाथ उठाया?

'मैं मानव हूँ प्रस्तर युग का
मुझे जिन्दगी की अभिलाषा'
पौरूष चीख-चीख कर उस का
पटक रहा है जीवन-पासा

'पट-चित हार-जीत का कारण
हाय, समझ में बात न आती
मेरे खूँ से कौन गगन में
अपनी जुड़ा रहा है छाती !

देव-शक्ति विश्वेतर कोई ?
नहीं, नहीं, यह भ्रम है मन का'
पर इस से क्या (?) जाग मनुज का
स्वार्थ हड़पने भाग स्वजन का


वर्ण, जाति, उपजाति, देश की
भृकुटी में चल पड़ते देखो
स्वार्थ मनुज का बँटा वर्ग में
वर्ग-वर्ग को लड़ते देखो

वेद, शास्त्र, आचार, नीति की
ईंट उसे फिर गढ़ते देखो
नाना रूप, रंग, परिभाषा
में तुम उस को बढ़ते देखो


धरती के बेटों को, धरती
को क्षत-विक्षत करते देखो
निज अंगों को काट मनुज का
पुनः उदर निज भरते देखो

हिरण्याक्ष-अभियान धऱा का
धरणी को लेकर बढ़ता है
दशकन्धर-उत्थान धरा का
देख, त्रिदिव का भ्रम हरता है

इधर वर्ग का स्वार्थ राम के
राज्य बीच कोई गढ़ता है
ब्रह्मा का फिर सीस भुजा से
कुरुक्षेत्र का रण रचता है

मेरा यह परिहास न पूछो
तुम मेरा इतिहास न पूछो।


प्रबंध काव्य 'परम्परा और विद्रोह' का
'धऱती माता' नामक प्रथम सर्ग समाप्त
(क्रमशः)