अभी हाल में


विजेट आपके ब्लॉग पर
भाजपा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भाजपा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 22 जुलाई 2016

बिटिया के सहारे राजनीति मत चमकाइये दयाशंकर जी


  • अंजुले की यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश में इन दिनों चल रही उस राजनीति का पर्दाफ़ाश करती है, जो वोटों की फ़सल उगाने के लिए किसी भी हद तक गिर सकती है.







नसीम अंकल, मुझे बताएं कहाँ आना है , आपके पास पेश होने के लिए....?

सुनो सिस्टर....

तुम्हारा ये सवाल मासूम और जायज होते हुए भी बेहद पॉलटिकल है. क्योंकि ये एक व्यक्ति-विशेष को निशाने पर रखकर दिया गया है. जिसने ये शब्द बोले भी नहीं हैं. तुम्हारे बोलने के लिए ये सवाल जिन अंकल ने लिख कर दिया है ना, वही और उन जैसी मानसिकता के लोग ही जिम्मेदार हैं मायावती जी को कभी ‘वैश्या’ कहने के लिए, तो कभी तुम्हें ‘पेश' होने का आदेश देने के लिए. मैंने भी टीवी देखा तमाम न्यूज पेपर पढ़े, लेकिन कहीं भी तुम्हारे इन नसीम अंकल को ये नारे लगाते नहीं देखा सिस्टर. इसलिए मैं कह रहा हूं कि, ‘तुम्हारा ये सवाल मासूम और जायज होते हुए भी बेहद पॉलटिकल है’.

ये सवाल करने वाली उस 12 साल की बीजेपी नेता दयाशंकर की बिटिया से मुझे कहना है. मैं यहां अपनी क्रूर से क्रूरतम आलोचना और अपशब्द सुनने का ख़तरा उठाकर कहता हूं कि, ‘दयाशंकर जी अपनी बेटी-पत्नी का इस्तेमाल अब राजनीतिक ब्रांड बीजेपी नेता दयाशंकर की छीज गई इमेज को मरहम लगाने के लिए कर रहे हैं’.

राजनीति में परिवार और महिलाओं का घर के पुरुषों को बचाने के लिए दिया गया ये कोई पहली बाईट नहीं है. इंडिया से लेकर अमेरिका तक में इसके उदाहरण भरे पड़े हैं. ये सिर्फ अपने खिलाफ लगे नारे का प्रतिकार भर नहीं है बल्किं इसमें पिता के हिस्से सहानुभूति बटोरने की कवायद भी है. दयाशंकर जी की हेट स्पीच के विरोध में बसपा के जिन कार्यकर्ताओं ने हेट नारे लगाए, उनकी मैं बिना किंतु-परंतु के आलोचना करता हूं. लेकिन मैं उन मां-बाप और परिवार वालों की भी आलोचना करता हूं, जो एक 12 साल की लड़की के कंधे पर सवार होकर खो गई अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं. उसे एक राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं.

सिस्टर, मैं मानता हूं कि इन नारों को टीवी पर सुनकर और देखकर तुम्हें सिर्फ धक्का ही नहीं, डर भी लगा होगा, बिल्कुल अकेला हो जाने जैसा. लेकिन तुम्हारे सवाल से सहमत होते हुए भी जिसे टार्गेट कर सवाल किए गए हैं उससे सहमत नहीं हूं. आपने नसीम अंकल यानी नसीमुद्दीन सिद्दकी से सवाल किया है तो मैं जानना चाहता हूं, “क्या आपने ये नारे लगाते हुए अपने नसीम अंकल को सुना-देखा है टीवी पर ही सही”? अगर नहीं सुना और जैसा मेरा अंदाजा है कि आपके घरवालों ने जो लिखकर सवाल दिया, उनसे पूछना ये सवाल... नसीम अंकल से सिर्फ क्यों? सवाल तो उन सभी मानसिक रोगियों से पूछे जाने चाहिए ना, जो एक लड़की और महिला को निशाने पर ले कर कभी ‘वेश्या’ तो कभी ये ‘पेश करो’ के नारे लगा रहे हैं? मुझे अच्छा लगता और मैं आपको सलाम कर रहा होता अगर आप अपने पापा जी की बाईट पर, ‘कुछ नहीं कहना है’ की जगह, ‘पापा जी आपने गलत बोला है’ कहा होता. हालांकि कई लोग मेरी बात की आलोचना करते हुए मुझसे आपकी कम उम्र का हवाला देते हुए कहेंगे कि आप ये नहीं कह सकती हैं. बिल्कुल मैं उनकी बात से सहमत होता अगर आप ने ये नहीं पूछा होता कि, ‘एक आदमी के एक गुनाह की कितनी बार सजा दी जाएगी. उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया, पद छिन लिए गए’? यानी वो जो उन्होंने कहा था वो गुनाह है आप मानती हो, लेकिन सीधे आलोचना की जगह आप अपने पिता को बख्श देती हो. मैं समझ सकता हूं ये हमारे-आपके परिवार का माहौल है जहां पैरेंटस की ऐसी आलोचना को बेअदबी माना जाता है. मानता हूं ये कोई अमेरिका तो नहीं है, लेकिन अमेरिका में ही कहां ये आलोचना पूरी तरह खरी उतर पाती है. आपकी मम्मा ने इस मामले में अपने कानूनी अधिकार का उपयोग करने का निर्णय लिया है ये जानकर मैं खुश हूं उन्हें इस मामले में निश्चित रुप से ये नारे लगाने वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया चाहिए और उससे भी पहले ये स्वत: यूपी पुलिस और सरकार को संज्ञान में लेकर मामला दर्ज कर कार्यवाही करनी चाहिए थी. मैं आपकी मम्मा के कदम से सहमत हूं सिस्टर बजाय आपके सवाल के. हां साथ ही मैं बीएसपी अध्यक्ष बहन मायावती जी की भी आलोचना करते हुए कहना चाहता हूं कि, ‘उन्हें खुद इन नारों की बात सामने आने पर आगे आकर आलोचना करनी चाहिए. हेट स्पीच के बदले हेट स्पीच, न्याय नहीं अन्याय ही है’. जो मायावती जी के लिए सही नहीं है वो दयाशंकर की बेटी या परिवार की किसी दूसरी महिला मेंबर के लिए भी सही नहीं हो सकती. और ये भी एक अपराधिक मामला ही है.

मेरा भी उसी पूर्वांचल की धरती से खून का रिश्ता है जहां से दयाशंकर आते हैं. वहां बेटे-बेटियों का राजनीतिक हितों के लिए कैसे इस्तेमाल किया जाता है ये मैंने भी देखा है. इसलिए मैं अपनी तमाम आलोचनाओं के ख़तरे को दरकिनार करते हुए कहता हूं उस लड़की से जिसे बेवजह निशाना बनाकर ‘पेश करो-पेश करो’ के नारे लगाये. ‘सिस्टर, पैरेंटस को अपना राजनीतिक इस्तेमाल मत करने दो. उनसे कहो... “प्लीज़, मम्मा-पापा मुझे राजनीतिक हथियार ना बनाओ”. और पूछो भी उनसे कि, ‘मम्मा, पापा जी ने या पापा जी आपने ऐसा क्या कह दिया जो कि लोग आज आपकी आलोचना कर रहे हैं?

रविवार, 3 जुलाई 2011

भारतीय जनता पार्टी एक दिलचस्प पार्टी है - राजेश जोशी



भाजपा मध्यप्रदेश के अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य प्रभात झा के आत्महत्या की अनुमति वाले बयान पर वरिष्ठ कवि राजेश जोशी का यह आलेख लोकजतन से साभार  



भारतीय जनता पार्टी एक दिलचस्प पार्टी है। कभी-कभी मुझे लगता है कि अगर भाजपा द्वारा दिये जाने वाले वक्तव्यों और उसके कारनामों पर राजनीतिक -विरोध की भाषा में विचार न किया जाये तो वह पर्याप्त रूप से आपका मनोरंजन कर सकती है। बाबा रामदेव के आंदोलन पर पुलिस ने लाठी भांज दी तो अडवाणी जी का दिल दहल गया। उन्होंने उसकी तुलना जलियाँवाला बाग से कर डाली। एक दूसरे नेता को इस दृश्य से आपातकाल याद आगया। इसी बीच सुषमा स्वराज जी यह देश हे वीर जवानों का पर नृत्य करती नजर आयीं। कभी-कभी सोचता हूँ कि अगर जलियाँवाला बाग की बर्बर घटना के समय भाजपा और सुषमा जी होतीं तो दृश्य क्या होता? क्या सचमुच उस घटना के बाद वह नृत्य करतीं? आपातकाल के समय तो भाजपा की पैतृक पार्टी जनसंघ मौजूद थी। क्या आपातकाल की घोषणा के बाद किसी राष्ट्रवादी फिल्मी गीत पर उसने नृत्य किया था? क्या जेलों में भाजपा के नेता नृत्य करते रहे थे? फिर सुषमा जी से एक सवाल करने को मन बहुत दिन से मचल रहा है। राष्ट्रवादी गीत के रूप में यह देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का से बेहतर कुछ नहीं मिला?
अभी इस घटना से हुआ मनोरंजन समाप्त भी नहीं हुआ था कि एक और मनोरंजक वक्तव्य भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने परोस दिया। प्रभात झा ने मंहगाई की जनता पर होने वाली मार से व्यथित होकर राष्ट्रपति से इच्छामृत्यु की मांग कर दी। हाय! झा साहब आपने यह क्या कह डाला! आपने एक बार भी नहीं सोचा कि आपकी मांग अगर मानली गयी तो इस महान पार्टी याने राजनीतिक दल का क्या होगा? फिर एक नये अध्यक्ष की तलाश उसे करना पड़ेगी। बहुत सरफुटव्वल के बाद तो आप पर पार्टी एकमत हुई थी। आप फिर पार्टी को मुसीबत में डालना चाहते हैं? मैं जानता हूँ आप ऐसा कुछ नहीं चाहते। आपको पता है कि संविधान में इच्छामृत्यु का प्रावधान नहीं है। राष्ट्रपति इसकी इजाजत नहीं देंगी और आप भी कौनसे मरने का विचार कर रहे हैं। इसे नाटक की भाषा में मैलोड्रामा कहा जाता है। भावुकता में लेकिन जब अतिशयोक्ति होती है तो वह हास्यरस बन जाती है। अब अगर आप सड़कों पर निकलें, चायघरों में और नुक्कड़ों पर जायें और लोगों की बातें सुनें तो आपको पता लगेगा कि आपके इस कारनामे की क्या प्रतिक्रिया लोगों पर हो रही है। आप तो राज्यसभा सदस्य भी हैं। लोग पूछ रहे हैं कि इस तरह की गैर कानूनी हरकत क्या आपको करनी चाहिये थी?
खैर अब राजनीतिज्ञ हों या इस देश के ढोगी करोड़पति -अरबपति बाबा किसको कानून की परवाह है। लेकिन मेरे मन में एक सवाल बहुत देर से कुलबुला रहा है, भाजपा इस प्रदेश का सत्ताधारी दल है और केन्द्र में मुख्य विपक्षी दल है, प्रभात झा इस दल के एक महत्वपूर्ण नेता हैं। प्रदेश में पार्टी के अघ्यक्ष हैं। राज्यसभा के सदस्य हैं। पूछा जाना चाहिये कि क्या भाजपा ने जनता की तकलीफों के बारे में संघर्ष के रास्तों का त्याग कर दिया है? क्या आगे से मंहगाई या दूसरे मामलों में भाजपा हड़ताल, प्रदर्शन या भूख हड़ताल, धरने आदि की जगह इच्छामृत्यु जैसे पलायनवादी रास्तों पर जायेगी? क्या एक राजनीतिक दल को इस तरह की पलायनवादी नौटंकी करना चाहिये ? एक प्रमुख राजनीतिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को वक्तव्य देने से पहले सोचना चाहिये कि वह क्या बोल रहा है? इतनी कायरता तो सचमुच मंहगाई की मार झेल रही गरीब जनता ने भी नहीं दिखाई। भाजपा में आत्मघात की यह प्रवृत्ति कोई नयी नहीं है। मंडल आयोग के विरोध में युवा लोगों द्वारा किये गये आत्मदाह के कारनामे भी भाजपा के ही उकसावे पर हुए थे। हमारे एक मित्र का यह संदेह मुझे वाजिब लगता है कि हो सकता है इच्छामृत्यु की यह आत्मघाती राजनीति एक बड़ा रूप ले ले और चारों ओर से इस तरह की मांग का एक ज्वार दिखाई पडऩे लगे। ऐसा होता है तो यह क्या रूप लेगा इस पर विचार किया जाना चाहिये।
प्रभात झा से यह भी पूछा जा सकता है कि मंहगाई से इतनी ही व्यथा हो रही है तो बंगाल, हरियाणा, दिल्ली, केरल, पंजाब, हिमाचल और उत्तराखण्ड की तरह उनकी प्रदेश सरकार डीजल, कैरोसिन और रसोई गैस की कीमतों में कमी की घोषणा क्यों नहीं कर रही है? आपको सचमुच जनता की व्यथा महसूस हो रही है या प्रदेश को कीमत बढऩे के कारण होने वाले 265 करोड़ के फायदे पर लार टपक रही है?